चंडीगढ़: हरियाणा जनहित कांग्रेस (बी एल) के अध्यक्ष एवं विधायक कुलदीप बिश्नोई ने बिहार के चुनावी परिणामों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा की करारी हार के लिए बिहार की जागरूक जनता बधाई की पात्र है। दिल्ली के बाद बिहार की जनता ने भी भाजपा को आईना दिखाया है। उन्होंने जेडीयू गठबंधन को भी बधाई देते हुए कहा कि बिहार के लोग भाजपा की चिकनी, चुपड़ी बातें में नहीं आए और सोच, समझकर बिहार के भविष्य को देखते हुए उन्होंने सही मतदान किया। भाजपाई हरियाणा की भोली-भाली जनता को गुमराह करने में कामयाब हो गए थे, परंतु भाजपा के 1 वर्ष के शासनकाल से प्रताडि़त हरियाणा की जनता भाजपा को सत्ता सौंपकर पछता रही है। उन्होंने प्रदेश की जनता से आह्वान किया कि भविष्य में मौकापरस्त भाजपा के झांसे में न आए और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के लिए हजकां को चुनें। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि दिल्ली के बाद बिहार चुनावों में भी भाजपा की हार से साफ है कि हरियाणा में भाजपा उनकी वजह से सत्ता में आई थी। साढ़े 3 वर्षों तक हजकां नेताओं, कार्यकर्ताओं की मेहनत के बलबूते भाजपा हरियाणा के लोगों तक पहुंची थी। दिल्ली, बिहार में भाजपा की हार से जो स्वच्छता अभियान की शुरूआत हुई है, उसकी अगली कड़ी हरियाणा है और आगामी चुनावों में हरियाणा में भी भाजपा का सफाया तय है।
एक टिप्पणी भेजें